सिवनी : एंबुलेंस ने बाइक को मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत; दो घायल

शुक्रवार दोपहर मध्यप्रदेश के सिवनी में बड़ा सड़क हादसा हो गया है। छिंदवाड़ा-सिवनी राष्ट्रीय राजमार्ग 347 में एक बजे भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिवनी शहर से महज दो किलोमीटर दूर बम्होड़ी गांव की पुलिया के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे दो बाइकों से टकरा गया। घटनास्थल पर दो व्यक्तियों की मौत हो गई। तीन घायलों को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया जहां घायल एक अन्य व्यक्ति ने दमतोड़ दिया, जबकि दो अन्य घायलों का उपचार जिला अस्तपाल में चल रहा है।
दोनों बाइक वाहन लखनवाड़ा से सिवनी की ओर आ रहे थे। जबकि केवलारी का एंबुलेंस वाहन सिवनी से छिंदवाड़ा जा रहा था। कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि स्वजनों से मृतकों की शिनाख्त कराई जा रही है। दो बाइक में कितने लोग सवार थे, इसकी विस्तृत जानकारी एकत्रित की जा रही है। वहीं एंबुलेंस सवार एक व्यक्ति की मौत होने की बात सामने आई है।
मृतकों की पहचान गजेंन्द्र पुत्र शिवदयाल निवासी जमुनिया थाना लखनवाड़ा तथा निहाल पुत्र दीनदयाल यादव निवासी सरेखा केवलारी के रूप में हुई है। तीसरे मृतक व घायलों के बारे जानकारी ली जा रही है।